27 C
Kolkata
Sunday, April 12, 2026

झारखंड होम गार्ड भर्ती का शंखनाद, 1500 पदों के लिए आज से उमड़ेगा 15 हजार युवाओं का सैलाब

धनबाद । झारखंड के धनबाद जिले में होम गार्ड (गृह रक्षक) के रिक्त पदों पर बहाली की बहुप्रतीक्षित प्रक्रिया आज यानी सोमवार से शुरू हो गई है। लगभग 1500 पदों के लिए आयोजित इस भर्ती अभियान को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। जिला प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है।

22 अप्रैल तक चलेगा भर्ती अभियान
बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित यह बहाली प्रक्रिया 22 अप्रैल तक चलेगी। अनुमान है कि इस पूरी अवधि में जिले के लगभग 15,000 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। प्रशासन की योजना के अनुसार प्रतिदिन लगभग 1000 महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों का शारीरिक और मानसिक परीक्षण किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सबसे पहले दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) पास करनी होगी। शारीरिक मापदंडों पर खरे उतरने वाले उम्मीदवारों को उसी दिन लिखित परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

सघन जांच और तकनीक का पहरा
फर्जीवाड़े और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मैदान में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के पहचान पत्रों और दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा, एफआरडी (Functional Requirement Document) प्रक्रिया के जरिए डेटा प्रबंधन को डिजिटल और सुरक्षित बनाया गया है।

CCTV की निगरानी में होगी बहाली
ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने सुरक्षा और पारदर्शिता पर जोर देते हुए बताया “पूरी चयन प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी बाहरी हस्तक्षेप के बिना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। हमारा लक्ष्य केवल योग्य और मेहनती युवाओं का चयन करना है।”

रविवार को बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अधिकारियों और कर्मियों ने पूरी प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) भी किया, ताकि वास्तविक भर्ती के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत चूक न हो।

Related Articles

नवीनतम लेख