सीवान। श्रीमाता वैष्णो देवी दर्शन समिति, सीवान के तत्वावधान में शुक्रवार को 125 श्रद्धालुओं का जत्था कटरा (जम्मू) के लिए रवाना हुआ। यह समूह यात्रा लगातार 13वें वर्ष आयोजित की जा रही है। सीवान रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, जिला पार्षद ब्रजेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी समेत कई गणमान्य लोगों ने झंडी दिखाकर जत्थे को रवाना किया।
रवाना होने से पूर्व प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, सीवान शाखा की संचालिका राजयोगिनी बीके सुधा बहन ने श्रद्धालुओं को टीका-चंदन लगाकर आशीर्वाद दिया और प्रसाद वितरण किया। इस दौरान “जय माता दी” के जयघोष से स्टेशन परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
विधायक कर्णजीत सिंह ने कहा कि समिति सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है, जो सराहनीय है। उन्होंने बताया कि समिति पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और गरीबों के इलाज जैसे कार्यों में भी योगदान दे रही है। वहीं जिला पार्षद ब्रजेश कुमार ने कहा कि आध्यात्मिक शक्ति से व्यक्ति और समाज दोनों का कल्याण संभव है, इसलिए इस तरह की सामूहिक यात्राओं को बढ़ावा मिलना चाहिए।
समिति के संरक्षक सह जदयू जिलाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 13 वर्षों से हर साल समूह यात्रा कराई जा रही है, जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं को भी शामिल किया जाता है। समिति के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह ने कहा कि माता रानी की कृपा से यह बिहार की सबसे बड़ी समूह यात्रा बन चुकी है, जिससे ऐसे श्रद्धालुओं को भी दर्शन का अवसर मिलता है जो अकेले यात्रा नहीं कर पाते।
यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 5 अप्रैल को श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करेंगे और 6 अप्रैल को बाबा श्रीधर एवं माता सुलोचना मंदिर परिसर में भंडारा का आयोजन होगा। इस यात्रा की तैयारी पिछले छह माह से की जा रही थी।
इस मौके पर आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव, डॉ. सुधांशु शेखर त्रिपाठी, डॉ. अजय कुमार पंडित समेत समिति के कई सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


