रांची: झारखंड में आज, 28 मार्च, मौसम में फिर से बदलाव देखा जा रहा है। राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्के से घने बादलों ने डेरा डाला हुआ है, और कई क्षेत्रों में मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आज भी विभिन्न जिलों में वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसमें 40–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश के साथ-साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। गर्मी से राहत राजधानी रांची सहित आसपास के क्षेत्रों में पूरे दिन बादल छाए रहने और रुक-रुककर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। तापमान में मामूली गिरावट होने की उम्मीद है, जिससे गर्मी से कुछ हद तक राहत महसूस हो सकती है। अगर आने वाले दिनों की बात करें, तो 29 मार्च को भी राज्य के कई इलाकों में 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। हालांकि, 30 मार्च को मौसम थोड़ा शांत हो सकता है और किसी गंभीर अलर्ट की संभावना नहीं है। 1 अप्रैल तक मौसम का प्रभाव 31 मार्च को एक बार फिर मौसम में हलचल देखने को मिल सकती है, जब राज्य के अधिकांश भागों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश का दौर लौटने के आसार हैं। इसके बाद, 1 अप्रैल को दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों पर इसका असर दिखाई दे सकता है। वहीं, 2 अप्रैल तक मौसम के सामान्य होने की संभावना है। बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से बचें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों पर जाकर खुद को सुरक्षित रखें।


