28 C
Kolkata
Friday, May 15, 2026

तेज रफ्तार टेंपो की हाईवा से टक्कर, चालक की मौत

पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में रविवार रात सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई। यह दुर्घटना एनएच-220 पर छोटानागपुर कॉलेज के पास रितिका ढाबा के समीप हुई, जहां सड़क किनारे खड़े एक हाईवा से टेंपो जा टकराया।

जानकारी के मुताबिक सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के एदल गांव निवासी चोनडी नंदी उर्फ डोमा नंदी (38) टेंपो ( जेएच 05 जे 5008) से पोटका के भूमरी नवकुंज से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनका टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े हाईवा के पिछले हिस्से से जा भिड़ा।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि चोनडी नंदी परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके घर में वृद्ध माता-पिता हैं और जल्द ही उनकी शादी होने वाली थी। इस हादसे ने परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया।

Related Articles

नवीनतम लेख