गढ़वा | जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले का गढ़वा पुलिस ने लगभग एक महीने बाद खुलासा कर दिया। इस जघन्य अपराध के आरोपी, रमकंडा थाना क्षेत्र के गोबरदाहा निवासी धर्मेंद्र सिंह, को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की पुष्टि रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने रविवार को की। एसडीपीओ के अनुसार, घटना के दिन पीड़िता एक शादी समारोह में शामिल हुई थी। इस दौरान, वह शौच के लिए बाहर गई थी। आरोपी, जो लंबे समय से उस पर बुरी नजर रखे हुए था, लड़की को अकेला देखकर उसका पीछा करने लगा। लड़की को खतरा महसूस हुआ और वह बचने के लिए भागी लेकिन गिर पड़ी। इसका फायदा उठाकर आरोपी ने उसे उठाया और पास के अरहर के खेत में ले जाकर पहले दुष्कर्म किया, फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के तीसरे दिन अरहर के खेत से शव बरामद किया। इस मामले की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था। लगभग 600 लोगों से पूछताछ और 200 लोगों के कॉल रिकॉर्ड का विश्लेषण करने के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। घटनास्थल पर मिले चप्पल के आधार पर भी आरोपी की पहचान की गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अपने जीजा के घर कसमार में रह रहा था। पुलिस ने जुटाए गए सबूत और विस्तृत जांच के बाद मामले को सुलझाया। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। इसके बाद, उसे पुलिस द्वारा जेल भेज दिया गया है।


