33 C
Kolkata
Tuesday, April 21, 2026

जनता जूझे रोज़ी-रोटी के संघर्ष में और मुख्यमंत्री बसेंगे 100 करोड़ के शीश महल में : प्रतुल शाहदेव

रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड सरकार पर मुख्यमंत्री आवास के निर्माण को लेकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो सरकार खुद को गरीब, आदिवासी और मूलवासी की सरकार बताती है, वही मुख्यमंत्री के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये का “शीश महल” बनाने में जुटी हुई है।

रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब अरविंद केजरीवाल की राह पर चल पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह दिल्ली में जनता के पैसे से शीश महल बनाया गया, उसी तर्ज पर झारखंड में भी मुख्यमंत्री अपने लिए आलीशान आवास बनवा रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रस्तावित आवास में स्विमिंग पूल, जकूजी, आलीशान कमरे, लगभग दो करोड़ रुपये का फव्वारा और ढाई करोड़ रुपये का गार्डन जैसी सुविधाओं की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस राज्य में आज भी बड़ी संख्या में आदिवासी और मूलवासी परिवार रोज़ी-रोटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, उसी राज्य का मुख्यमंत्री अपने लिए इतने महंगे आवास का निर्माण करा रहा है।

प्रतुल शाहदेव ने यह भी कहा कि इस परियोजना को हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में मंजूरी दे दी गई, लेकिन हैरानी की बात यह है कि कैबिनेट ब्रीफिंग के दौरान इस जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया गया।

उन्होंने दावा किया कि आधिकारिक तौर पर मुख्य भवन के निर्माण पर लगभग 47 करोड़ रुपये खर्च बताए जा रहे हैं, जबकि अन्य मदों को जोड़ने पर यह राशि लगभग 70 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है। भवन निर्माण विभाग में सामान्यतः 25 से 30 प्रतिशत लागत वृद्धि होने की संभावना रहती है, इसलिए यह परियोजना अंततः 100 करोड़ रुपये से भी अधिक की हो सकती है।

भाजपा प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि जब सरकार पहले ही घोषणा कर चुकी है कि भविष्य में स्मार्ट सिटी क्षेत्र में नया राजभवन और मुख्यमंत्री आवास बनाया जाएगा, तो फिर अभी जनता के पैसे से इतनी बड़ी राशि खर्च करने की क्या आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और पूछेगी कि झारखंड की गरीब जनता के टैक्स का पैसा मुख्यमंत्री के शाही ठाठ-बाट के लिए है या राज्य के विकास और गरीबों की भलाई के लिए। प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित थे।

Related Articles

नवीनतम लेख