राजधानी से एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी दी गयी है। इस बार रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल में चल रहे पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। अज्ञात अपराधियों ने ईमेल के जरिये धमकी भरा संदेश भेजा, जिसमें पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की बात कही गई है। यह बताया जा रहा है कि इनमें से एक ईमेल की लोकेशन रांची के अंदर की ही है। अब तक इस संबंध में किसी भी तरह के लिखित शिकायत थाने तक नहीं पहुंची है।
पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इधर धमकी भरा मेल मिलने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी। पुलिस और बीडीएस टीम ने पासपोर्ट ऑफिस के अंदर और आसपास के पूरे इलाके की बारीकी से जांच की। मॉल परिसर के अलग-अलग हिस्सों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ समय के लिए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई। हालांकि कई घंटों तक चली जांच के दौरान कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने कुछ राहत की सांस ली, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी रखी गई है।
मालूम हो कि इससे पहले पिछले सप्ताह भी रांची में इसी तरह की धमकी सामने आई थी। उस समय रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल भेजकर आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही थी। उस घटना के बाद भी पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया था और कोर्ट परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया था।


