राज्यसभा चुनाव के लिए नीतीश कुमार आज नामांकन दाखिल कर सकते हैं। सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि पिछले दो दशक से ज्यादा समय से राज्यसभा जाना चाह रहा हूं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि जो नई सरकार बनेगी, उसे पूरा मार्गदर्शन रहेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की बात पर जेडीयू समर्थक भड़क उठे. भड़के जेडीयू समर्थकों ने पटना के जेडीयू दफ्तर में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की।
जेडीयू कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना अपनी पार्टी के नेताओं को भी करना पड़ रहा है। जेडीयू एमएलसी संजय गांधी को वहां से भागना पड़ा। वहीं, बीजेपी कोटे से मंत्री सुरेंद्र मेहता की गाड़ी जेडीयू समर्थकों ने रोक दी। इन सबके बीच पटना में भारी बवाल की स्थिति बन गई है। गृह मंत्री अमित शाह पटना पहुंच गए हैं। वह बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के घर जा सकते हैं और इसके बाद एनडीए के राज्यसभा उम्मीदवारों के नामांकन में भी शामिल हो सकते हैं।

