25.9 C
Kolkata
Monday, March 2, 2026

कॉलेज हॉस्टल में रसायन शास्त्र के शिक्षक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र स्थित बीए कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के छात्रावास में रविवार देर रात एक शिक्षक का शव मिलने से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 44 वर्षीय डॉ. अभिनंदन मखाल के रूप में हुई है, जो संस्थान में रसायन शास्त्र के प्राध्यापक के तौर पर कार्यरत थे। घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन, छात्र और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।

जानकारी के अनुसार, देर रात तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर सहकर्मियों को आशंका हुई। जब दरवाजा खोला गया तो डॉ. मखाल को अचेत अवस्था में पाया गया। तत्काल इसकी सूचना गालूडीह थाना पुलिस को दी गई।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल शव को जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है।

थाना प्रभारी अंकु कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के मुंह से झाग निकलने के संकेत मिले हैं, जिससे किसी विषैले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि डॉ. मखाल मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता के रहने वाले थे और पिछले कई वर्षों से कॉलेज में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी अचानक हुई मृत्यु से शिक्षकों और छात्रों के बीच गहरा शोक व्याप्त है। कॉलेज प्रबंधन ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए जांच में प्रशासन को हर संभव सहयोग देने की बात कही है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles