34.8 C
Kolkata
Sunday, March 1, 2026

झारखंड की जूनियर पुरुष-महिला हॉकी टीमों के चयन के लिए रांची में आयोजित किए जाएंगे ट्रायल

रांची। 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 तथा हॉकी इंडिया सब-जूनियर राष्ट्रीय पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 में भागीदारी के लिए झारखंड की सब-जूनियर महिला एवं पुरुष हॉकी टीमों के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। खिलाड़ियों के चयन के लिए 15 मार्च (रविवार) को रांची स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी में चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
हॉकी झारखंड की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 01 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 तक सब-जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन रांची में किया जाएगा, जबकि पुरुष वर्ग की राष्ट्रीय चैंपियनशिप बिहार के राजगीर में आयोजित होगी। इन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया शुरू की गई है।
हॉकी संघ के अनुसार, महिला वर्ग का चयन ट्रायल 15 मार्च को पूर्वाह्न 09:30 बजे से प्रारंभ होगा, जबकि पुरुष वर्ग का ट्रायल पूर्वाह्न 11:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का समान अवसर मिल सके।
चयन ट्रायल में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्म तिथि 01 जनवरी 2010 या उसके बाद की हो। आयु सत्यापन के लिए खिलाड़ियों को आधार कार्ड तथा नगर निगम या ग्राम पंचायत की ओर से जारी जन्म प्रमाण पत्र की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य किया गया है। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में किसी भी खिलाड़ी को ट्रायल में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने बताया कि चयन ट्रायल को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों के खेल पदाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों से प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।
इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से चयनित टीमें राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles