भुवनेश्वर : ओडिशा में विजिलेंस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक माइंस के डिप्टी डायरेक्टर के घर से 4 करोड़ रुपये का कैश बरामद किया है। यह कैश फ्लैट की आलमारी में बैग में छिपाकर रखा गया था। ओडिशा विजिलेंस डिपार्टमेंट ने माइनिंग डिपार्टमेंट के एक सीनियर अधिकारी को रिश्वत के एक मामले में रंगे हाथों पकड़कर गिरफ्तार किया है। साथ ही अधिकारी के फ्लैट से 4 करोड़ से ज्यादा का कैश भी बरामद किया गया है। डिपार्मटमेंट ने दावा किया है कि ये राज्य में इतिहास की सबसे बड़ी कैश ज़ब्ती है।
जब इन नोटों की गिनती की गई तो कुल रकम चार करोड़ रुपये निकली। इसके अलावा, मोहंती के कार्यालय के दराज से 1.20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं, अब तक बरामद की गई अन्य संपत्तियों में भुवनेश्वर में एक आलीशान दो मंजिला मकान और लगभग 130 ग्राम सोना शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एजेंसी द्वारा इससे पहले सबसे अधिक नकद राशि 3.4 करोड़ रुपये थी, जो 7 अप्रैल, 2022 को गंजाम जिले के लघु सिंचाई प्रभाग में एक सहायक अभियंता के आवास से बरामद की गई थी।
जानकारी के अनुसार कटक सर्कल में माइंस के डिप्टी डायरेक्टर के तौर पर तैनात देबब्रत मोहंती को ओडिशा विजिलेंस ने पहले ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। उन पर एक लाइसेंस वाले कोयला व्यापारी से उसके कोयला डिपो को ठीक से चलाने और कोयला ट्रांसपोर्टेशन की इजाज़त देने के बदले में पैसे मांगने का आरोप है। मंगलवार को विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और मोहंती को ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। उनके पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई और ज़ब्त कर ली गई।


