पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत पोड़ाहाट वन प्रमंडल के आनंदपुर रेंज स्थित कोलपोटका गांव में शनिवार देर रात करीब डेढ़ दर्जन जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों का दल गांव के बाबू टोला और बीच टोला में घंटों तक डटा रहा, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों ने गांव के निवासी धनेश्वर महतो और लोदरो मुंडा के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के समय धनेश्वर महतो घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि लोदरो मुंडा का परिवार घर के भीतर था। हाथियों की आहट मिलते ही परिवार के सदस्य किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हाथियों ने धनेश्वर महतो के खेत में लगी चने की फसल को भी पूरी तरह रौंद डाला और घर के बाहर लगे सोलर प्लेटों को भी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों का झुंड शनिवार रात करीब आठ बजे गांव में प्रवेश किया और रविवार तड़के तक घूमता रहा। सुबह होने से पहले झुंड पास के जंगल की ओर लौट गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओड़िशा की ओर से वन विभाग द्वारा खदेड़े जाने के बाद हाथियों का यह झुंड झारखंड-ओड़िशा सीमा से सटे क्षेत्र में पहुंचा। ग्रामीणों को आशंका है कि झुंड दोबारा गांव का रुख कर सकता है। बताया जा रहा है कि झुंड में करीब दस शावक भी शामिल हैं, जिससे उनके आक्रामक होने की संभावना अधिक बनी रहती है। पोड़ाहाट वन प्रमंडल के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) नीतीश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रात में ही गांव के आसपास तैनात कर दी गई थी। विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और हाथियों को सुरक्षित स्थान की ओर खदेड़ने के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।


