मालदा। राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में कम से कम 20 यात्री घायल हो गए। यह हादसा जिले के रतुआ-2 ब्लॉक के मगुरा इलाके में शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ है। घटना के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, समसी की ओर जा रही एक यात्री बस मगुरा बस स्टैंड पर सवारियां चढ़ा रही थी। तभी गाजोल की तरफ से आ रहा सीमेंट से लदा तेज रफ्तार ट्रक नियंत्रण खो बैठा और बस के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सड़क किनारे नाले की ओर झुक गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्रियों को सबसे ज्यादा चोटें आई है। ट्रक चालक भी घायल हुआ है।
घायलों को तुरंत गाजोल ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पुखुरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका है कि कोहरा या यांत्रिक खराबी की वजह से यह दुर्घटना हुई हो सकती है।


