34 C
Kolkata
Wednesday, April 15, 2026

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया में जमीन कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित शिवपुरी कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय जमीन कारोबारी अजय प्रताप की सोमवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होने की बात कही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय प्रताप रविवार देर रात करीब 11 बजे अपनी स्कॉर्पियो (संख्या जेएच05डीएम-8864) से गम्हरिया से कांड्रा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया थाना क्षेत्र में रामचंद्रपुर स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के पास उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला टायर फट गया। आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे वे वाहन पर नियंत्रण खो बैठे और यह हादसा हुआ।

सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने वाहन को क्षतिग्रस्त हालत में खड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अजय प्रताप को गाड़ी के अंदर अचेत अवस्था में पाया और तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद वे पूरी रात वाहन के भीतर ही पड़े रहे और गाड़ी की हेडलाइट जलती रही, लेकिन किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष टीचर्स ट्रेनिंग मोड़ के समीप एमटीसी मॉल के पास हुई बमबारी की घटना में भी अजय प्रताप घायल हुए थे। वे जमीन समेत विभिन्न कारोबार से जुड़े थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। कुछ आपराधिक तत्वों से उनके संबंधों को लेकर भी समय-समय पर चर्चाएं होती रही हैं। इसके अलावा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की जमीन को लेकर पिछले साल हुए विवाद में भी उनका नाम सामने आया था, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस दुर्घटना और मौत के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Related Articles

नवीनतम लेख