इंफाल। मणिपुर के अलग-अलग हिस्सों में पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा बीते 24 घंटों के दौरान चलाए गये अभियानों में दो महिला समेत 10 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास हथियार बरामद किए गए हैं, जबकि बरामद आईईडी को नष्ट कर दिया गया।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने आज बताया कि सुरक्षा बलों ने आरपीएफ/पीएलए के दो सक्रिय कैडर को बीते शनिवार गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान वैरोकपम सनाहल मैतेई उर्फ नोंगदंबा (46) और स्वयंभू लेफ्टिनेंट मयंगलंबम किरण सिंह उर्फ शांति उर्फ बोइपु (47) के रूप में की गई। दोनों को थौबल जिले से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से दो मोबाइल फ़ोन और चार सिम बरामद हुए हैं। इसी बीच सुरक्षा बलों ने भारत- म्यांमार सीमा के जनरल एरिया से पीएलए की दो सक्रिय महिला कैडरों को टेंग्नौपाल ज़िले के मोरेह थाना क्षेत्र के सनराइज़ ग्राउंड और गेट नंबर 2, मोरेह के बीच से गिरफ़्तार किया है। दोनों की पहचान अकोईजाम सखेनबी (23) और चोंगथम हेम्बाबी (17) के रूप में की गई है।
अन्य एक अभियान में सुरक्षा बलों ने प्रीपाक (प्रो) के एक सक्रिय कैडर इंगुदम इंगोचा सिंह (50) उर्फ बोरोबी को सेइजांग माखा लेइकाई, इंफाल ईस्ट ज़िले से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक .32 बोर की पिस्तौल जिसमें पांच राउंड जिंदा कारतूस लोडेड था, 10 प्रीपाक (प्रो) विज़िटिंग कार्ड, एक होंडा एक्टिवा स्कूटर, 600 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने अवैध धन वसूली करने वाले प्रीपाक (प्रो) के एक सक्रिय कैडर सोरोखाइबाम रंजीत सिंह (41) को इंफाल ईस्ट ज़िले के खबाम लमखाई इलाके से गिरफ्तार कियाा। उसके पास से दो मोबाइल हैंडसेट और एक आधार कार्ड ज़ब्त किया गया।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने केसीपी (अपुनबा) के एक सक्रिय कैडरखेतिक्स थोंगबाम (19) को गिरफ्तार किया। उसे इंफाल पश्चिम जिले के इंफाल थानांंतर्गत इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड जब्त किया गया। सुरक्षा बलों की तलाशी अभियान के एक अन्य अभियान में प्रीपाक के एक सक्रिय कैडर को इंफाल पूर्व जिले से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान इरेंगबाम सरतकुमार मैतेई (21) उर्फ अचौबा के रूप में की गयी है। उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
इस बीच चुराचांदपुर जिले में चलाए गये अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने चुराचंदपुर थानांतर्गत मतिजंग गांव से टी. ल्हांगकिचोई गांव के एक जबरन वसूली करने वाले यूकेएनए संगठन के सक्रिय कैडर लुंजकाई वैफेई (20) को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देसी 9एमएम की पिस्तौल और तीन ज़िंदा राउंड ज़ब्त किए गए।
सुरक्षा बलों के अन्य अभियान के दौरान केवाईकेएल के एक सक्रिय कैडर, खुमानथेम संतोष मैतेई (36) उर्फ कांता को थौबल जिले से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो सीम कार्ड वाला एक मोबाइल फ़ोन ज़ब्त किया गया। सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर जिलांतर्गत चुराचांदपुर थाना क्षेत्र के नागा गांव इलाके से आईईडी (सिलिंड्रिकल, प्रेशर मैकेनिज्म, 10 किग्रा एक्सप्लोसिव) बरामद किया। सेना और चुराचांदपुर पुलिस की मौजूदगी में बम निष्क्रिय दस्ता ने आईईडी को सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।


