रामगढ़ के चुटूपालू घाटी में शुक्रवार को भीषण सड़क दुर्घटना में कंटेनर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। एनएच 33, रांची–पटना मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसे में एक कंटेनर ने आगे चल रहे गिट्टी लदे हाइवा को जोरदार टक्कर मार दी। तेज टक्कर से कंटेनर में तुरंत आग लग गई और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चालक जिंदा जल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग पुलिस और रामगढ़ थाना प्रभारी फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार कंटेनर रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद रांची–पटना मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घाटी में दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


