27 C
Kolkata
Wednesday, February 11, 2026

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत केंद्रीय मंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। प्रखर राष्ट्रवादी, कुशल संगठनकर्ता, अंत्योदय और एकात्म मानववाद के महान प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत शीर्ष नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों को राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा बताया।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे एक दूरदर्शी विचारक और राष्ट्र-निर्माता थे, जिन्होंने अपना जीवन समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद का उनका सिद्धांत आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है और करुणा व नैतिक सार्वजनिक जीवन के साथ वंचितों की सेवा का उनका संदेश विकसित भारत की यात्रा को प्रेरित करता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मातृभूमि के अनन्य उपासक पंडित दीनदयाल उपाध्याय को नमन करते हुए कहा कि मूल्यों पर आधारित उनके सिद्धांत और विचार देश की हर पीढ़ी के लिए पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने उन्हें अंत्योदय और एकात्म मानववाद का प्रणेता बताते हुए नमन किया। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास ही राष्ट्र के विकास का परिचायक है यह विचार असंख्य पीढ़ियों को राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें अपना प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका तपस्यापूर्ण जीवन देशसेवा के लिए समर्पित रहा और राष्ट्र पुनर्निर्माण की उनकी विचारधारा सदियों तक प्रेरणा देती रहेगी।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को निष्काम कर्मयोगी और महान विचारक बताते हुए कहा कि ‘एकात्म मानवदर्शन’ के माध्यम से दिया गया ‘अंत्योदय’ मंत्र आज भी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा और समर्पण के उनके आदर्श सदैव मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें राष्ट्रसेवा और समर्पण का प्रतीक बताते हुए नमन किया। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय की विचारधारा ने सेवा-भाव को राजनीति की आत्मा के रूप में स्थापित किया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की ज्योति पहुंचाने का उनका संदेश हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को भारतीय चिंतन परंपरा का मनीषी बताते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र के पुनर्निर्माण और अंत्योदय के संकल्प के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद भारतीय चिंतन की समग्र अभिव्यक्ति है और प्रगति तभी सार्थक है जब उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की सेवा और गरीब कल्याण के लिए उनके समर्पण के प्रति राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles