30.4 C
Kolkata
Sunday, July 26, 2026

दुमका में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

दुमका। दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा दुमका-भागलपुर मुख्य पथ पर भूरभूरी पुल के समीप हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान जामा थाना क्षेत्र के कोल्हरीया गांव निवासी करण मांझी और कटनियां गांव निवासी सोनू कुंवर के रूप में की गई है। वहीं जामा निवासी टमटम कुमार इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे तत्काल दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। भूरभूरी पुल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि करण मांझी और सोनू कुंवर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक सड़क किनारे गंभीर अवस्था में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायल युवक को अस्पताल भेजा तथा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के घरों में शोक की लहर दौड़ गई है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

नवीनतम लेख