30.1 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

यूपी दिवस: अमित शाह का विपक्ष पर निशाना, भाजपा सरकार दोहराने की अपील

लखनऊ। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ के बसंत कुंज योजना स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का भव्य शुभारम्भ किया। इस अवसर पर अमित शाह ने विपक्ष को परिवारवादी पार्टी कहते हुए उप्र की जनता से 2027 में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनाने की अपील की।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं उप्र वासियों का अभिनंदन करता हूं और हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को आज हम दोहराएंगे कि 2047 में जब हम आजादी मना रहे होंगे तो भारत विकसित होगा। विकसित भारत का इंजन उत्तर प्रदेश बनने जा रहा है। हमारी उप्र की सरकार ने इस स्थल(राष्ट्र प्रेरणा स्थल) को कूड़े के ढेर से बदलकर कंचन बनाने का कार्य किया है।
अमित शाह ने योगी सरकार के कार्यों की सरहारना करते हुए कहा कि उप्र सरकार युवाओं को नौकरी देने और रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। युवाओं को ऋण दिया गया है। आज यहां व्यंजन मेला लगा है। हम 2017 को याद करना चाहेंगे। जब एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) की बात की गयी तो विपक्ष ने सवाल उठाए कि यह कैसे हो सकता है। आज हमारी डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में ओडीओपी योजना पूरे देश में अपने-अपने जिले को नई पहचान दे रही है। रोजगार दे रही है। एक जिला एक व्यंजन योजना के लिए योगी सरकार को शुभकामनाएं देता हूं।
गृहमंत्री ने कहा कि एक समय में उप्र को मजदूर सप्लाई करने वाला राज्य माना जाता था। बीमारू राज्य के रूप पहचान थी। पिछले तीन वर्षों से उप्र की 17 फीसदी विकास दर रही है। केन्द्र की सारी योजनाएं आज उप्र में धरातल पर उतर रही हैं। पूरा देश जिनकी राह देख रहा था, अयोध्या में राम मंदिर बनाने का वह कार्य भी पूरा हुआ। प्रयागराज में महाकुंभ ने सनातन धर्म पूरी दुनिया में पहुंचाने का कार्य किया है। उप्र में डेटा सेंटर, सेमी कंडक्टर की फैक्टरियां लगी हैं। 2017 से पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। 45 लाख करोड़ निवेश के प्रस्ताव आए। 15 लाख करोड़ के प्रस्तावों को जमीन पर उतारा जा चुका है। आज उप्र विकास के हर रास्ते पर आगे बढ़ गया है। कानून व्यवस्था कायम है।
शाह ने कहा कि 2014, 2019 और 2022 के चुनाव में उप्र की जनता ने जिताया है। अगले साल चुनाव है। हम अपील करते हैं कि 2027 में उप्र की जनता प्रचंड बहुमत की सरकार बनाए। ये परिवारवादी पार्टिंया राज्य का भला नहीं कर सकती हैं। वे अपना विकास करती हैं। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन सरकार ने उप्र को विकास से जोड़ा है। हर गांव में कम से कम 20 घंटा बिजली पहुंच रही है। आने वाले चुनाव में जाति पांति से ऊपर उठकर वंशवादी पार्टियों के खिलाफ सबका साथ सबका विकास करने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार पुन: बनाएं। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की ओडीओपी की तर्ज पर एक जिला एक व्यंजन योजना की भी शुरुआत हुई। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल औद्योगिक क्षेत्र योजना का शुभारम्भ किया गया।

Related Articles

नवीनतम लेख