रांची। राजधानी रांची में सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए 1000 अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है। यह तैनाती पूजा से लेकर मूर्ति विसर्जन तक प्रभावी रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था में महिला पुलिस बल को भी शामिल किया गया है।छेड़खानी और असामाजिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए शक्ति कमांडो को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सरस्वती पूजा को लेकर एसएसपी राकेश रंजन ने सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एसएसपी ने निर्देश दिया है कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सुबह से ही भ्रमणशील रहेंगे। संवेदनशील इलाकों में मोबाइल दस्ते लगातार गश्त करेंगे। साथ ही, सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी विवाद की स्थिति में फुटेज की मदद ली जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


