पूर्वी सिंहभूम। शहर में नशा कारोबार, अवैध गतिविधियों और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रशासन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। बर्मामाइंस, सिदगोड़ा और बिरसानगर थाना क्षेत्रों में भाजपा के विभिन्न मंडलों के प्रतिनिधिमंडलों ने सोमवार को थाना प्रभारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और समय पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बर्मामाइंस थाना में भाजपा बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी दिलीप यादव को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि थाना क्षेत्र में नशा कारोबार, चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। उन्होंने पुलिस को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में नशा कारोबार पर पूर्ण रूप से रोक नहीं लगी तो भाजपा वृहद आंदोलन करेगी। इस मौके पर सतवीर सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपक झा, सूरज सिंह, रविजेंट, सौरभ श्रीवास्तव, राकेश चौधरी, पूर्व महामंत्री राकेश सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सिदगोड़ा थाना क्षेत्र की समस्याओं को लेकर भाजपा बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नशाखोरी, ब्राउन शुगर की बिक्री, अवैध शराब, चोरी, लूट और छिनतई की घटनाओं पर चिंता जताई। इस दौरान जिला महामंत्री संजीव सिंह, अनिल सिंह, संतोष ठाकुर, पंकज प्रिय, जगन्नाथ उपाध्याय, राजेश रजक, विनय वर्मा, रंजीत सिंह, मनमोहन लाल, पुरी राव, निर्मल गोप, प्रमोद मिश्रा, साकेत कुमार, कंचन दत्ता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
वहीं बिरसानगर थाना क्षेत्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नशाखोरी, अवैध कारोबार, चोरी-डकैती, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और अवैध लोहा टाल संचालन को लेकर ज्ञापन सौंपा। भाजपा नेताओं ने पूजा-पर्व के नाम पर जुआ, मुर्गा-पाड़ा और हब्बा-डब्बा जैसे अवैध खेलों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी जन आंदोलन करेगी।


