34.1 C
Kolkata
Wednesday, March 4, 2026

तोरपा में नौ जनवरी को लगेगा प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला

खूंटी। तोरपा के प्रखंड विकास पदाधिकारी नवीन चन्द्र झा की अध्यक्षता में नौ जनवरी को आयोजित होने वाले प्रखंड स्वास्थ्य मेला की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रखंड स्तरीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में स्वास्थ्य मेला को सफल एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बीडीओ नवीन चन्द्र झा ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वास्थ्य मेला का व्यापक प्रचार-प्रसार गांव-गांव में किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मेले का लाभ उठा सकें। मेले के दौरान आम जनता के सभी प्रकार की स्वास्थ्य जांच होगी, जिससे समय रहते रोगों की पहचान एवं रोकथाम संभव हो सके।
स्वास्थ्य मेला में लोगों को स्वस्थ जीवन शैली, योग, पोषण परामर्श, परिवार नियोजन, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, व्यक्तिगत एवं पर्यावरणीय स्वच्छता, किशोर-किशोरी स्वास्थ्य, तथा धूम्रपान और तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा मेले में आम जनता के लिए आयुष्मान कार्ड एवं आभा कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
स्वास्थ्य मेला के दौरान जिला विकलांगता जांच टीम द्वारा विकलांगता की जांच कर पात्र व्यक्तियों का विकलांगता प्रमाण पत्र भी बनाया जाएगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि इस स्वास्थ्य मेला का मुख्य उद्देश्य जन-जन तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना एवं लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। बैठक में प्रमुख रोहित सुरीन, उप प्रमुख संतोष कुमार कर सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles