30.7 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

झारखंड के 17 जिलों में 07 जनवरी तक शीतलहर का अलर्ट

रांची। झारखंड में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में 07 जनवरी तक कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना जताई है। इसे लेकर मंगलवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, शीतलहर का असर राज्य के मध्यवर्ती, दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में अधिक देखने को मिलेगा। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें रांची, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, गुमला, धनबाद, कोडरमा और बोकारो के साथ ही पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां शामिल है। इसकेे अलावा गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा जिले के लोगों को भी शीतलहर सताएगी।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण बना निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के आसपास सक्रिय है। उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही भारी बर्फबारी के चलते ठंडी और नमीयुक्त हवाएं मध्यवर्ती व उत्तरी राज्यों में प्रवेश कर रही हैं। इसी कारण झारखंड समेत कई राज्यों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 24.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री और न्यूानतम तापमान 7.2 डिग्री, जमशेदपुर में 23.4 और 9.3 डिग्री, डालटेनगंज में 17.6 और 4.6 डिग्री, बोकारो में 20.2 और 6.7 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री और न्यूगनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से शीतलहर के दौरान सावधानी बरतने, सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

Related Articles

नवीनतम लेख