34.1 C
Kolkata
Wednesday, March 4, 2026

परसुडीह में बंद मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

पूर्वी सिंहभूम। जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कीताडीह मदरसा के पास मंगलवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंद पड़े मकान से अचानक धुआं उठता देखा गया। यह मकान रिटायर्ड टाटा मोटर्स कर्मचारी नोमान का बताया जा रहा है। सुबह करीब छह बजे आसपास के लोगों ने घर से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
घटना के समय मकान पूरी तरह बंद था और अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे आग समय पर पकड़ में नहीं आ सकी। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घर का दरवाजा खोलकर अंदर झांका तो आग तेजी से फैल चुकी थी। हालात को देखते हुए मदरसा के बच्चों और मोहल्ले के लोगों ने तुरंत पानी की मोटर लगाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
फायर ब्रिगेड को सूचना देने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके चलते स्थानीय निवासियों को ही मोर्चा संभालना पड़ा। करीब चार घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को आसपास के घरों तक फैलने से पहले ही रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर घर मालिक के भांजे मोहम्मद मिनाजुद्दीन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग तड़के करीब चार बजे लगी होगी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
इस आगलगी की घटना में घर के अंदर रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया। सोने-चांदी के आभूषण, बेड, अलमीरा, कपड़े, जरूरी कागजात, प्रमाण पत्र समेत अन्य कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। आग से भारी आर्थिक नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। बताया गया कि इस मकान में पहले रिजवान नामक व्यक्ति रहते थे, लेकिन फिलहाल पूरा परिवार धतकीडीह में रह रहा है। मकान लंबे समय से बंद पड़ा होने के कारण आग की जानकारी देर से मिल सकी।
घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड से समय पर संपर्क नहीं हो पाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए बेहतर व्यवस्था की मांग की है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles