34.1 C
Kolkata
Wednesday, March 4, 2026

झारखंड में मौसम साफ होते ही 04 डिग्री गिरा तापमान, लौटी सर्दी

रांची। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में सोमवार को मौसम साफ होते ही न्यूनतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। तापमान में आई इस अचानक गिरावट के कारण एक बार फिर कड़ाके की ठंड ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। सुबह और देर रात ठिठुरन बढ़ गई है, वहीं खुले इलाकों में सर्द हवाओं का असर भी महसूस किया जा रहा है।
रांची में रविवार को जहां न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, वहीं सोमवार को यह गिरकर 6.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसी तरह डाल्टनगंज में न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री से गिरकर 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो में भी रविवार के 11.6 डिग्री के मुकाबले सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में आई इस गिरावट से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
मौसम विभाग की ओर से जारी अनुमान के अनुसार, 5 जनवरी को राज्य के उत्तरी, मध्यवर्ती और पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहा। इसे देखते हुए विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया था। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम रही, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित रहा। इसके अलावा 6 जनवरी को राज्य के पश्चिमी जिलों गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। इसे लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान जगन्नाथपुर में 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे साफ है कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में ठंड का असर अलग-अलग स्तर पर देखने को मिल रहा है।
सोमवार को विभिन्न जिलों में तापमान इस प्रकार रिकॉर्ड किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री और न्यूनतम 6.6 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 21.2 और 11.0 डिग्री, डाल्टनगंज में 21.4 और 6.3 डिग्री, बोकारो में 21.1 और 8.5 डिग्री, चाईबासा में 21.0 और 11.6 डिग्री, खूंटी में 22.8 और 6.5 डिग्री, लोहरदगा में 19.7 और 3.4 डिग्री, लातेहार में 17.0 और 5.6 डिग्री तथा सरायकेला में अधिकतम 20.9 डिग्री और न्यूनतम 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर सुबह-शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, गर्म कपड़े पहनने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles