इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। क्वेटा से पेशावर जा रही एक यात्री बस झोब और डेरा इस्माइल खान के बीच डाना सर इलाके में गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कम से कम 40 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, यह हाल के वर्षों में इस क्षेत्र की सबसे भीषण सड़क दुर्घटनाओं में से एक है। बलोचिस्तान के मुख्यमंत्री के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि जिला प्रशासन, बचाव एजेंसियां और अन्य संबंधित विभाग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
दुर्गम इलाके के कारण बचाव कार्य में आई कठिनाई
जिला उपायुक्त शेरानी वली काकर ने बताया कि दुर्घटनास्थल पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण राहत एवं बचाव दलों को मौके तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन और बचाव दलों ने अभियान तेज कर घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, घायलों के इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटा है।
