गोड्डा | जिले के गांधीग्राम महुआसोल के पास नेशनल हाईवे-133 पर हुई सनसनीखेज लूटकांड को सुलझाने में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात के महज 72 घंटे के भीतर गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया। इनके पास से लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा और अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।
बंदूक की नोक पर दिया था वारदात को अंजाम
बीती 3 अप्रैल को कमल किशोर नामक व्यक्ति पथरगामा से गोड्डा जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार पांच अपराधियों ने उन्हें रोककर हथियार के बल पर 4.5 लाख रुपये लूट लिए थे। पीड़ित की शिकायत पर पथरगामा थाने में मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद एसपी मुकेश कुमार के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र के आधार पर छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान युगल किशोर यादव, कृष्णा यादव उर्फ जग्गा, संजीव कुमार यादव उर्फ घोल्टा, ब्रह्मदेव तांती, सूरज कुमार भगत (दुकानदार) रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इस लूट की साजिश में एक दुकानदार की भूमिका भी सामने आई है, जिसने अपराधियों को सूचना दी थी।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने नकदी 4,06,700 रुपये (लूटी गई रकम का हिस्सा), एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामदगी की है।
गोड्डा एसपी ने बताया कि गिरोह का एक सदस्य अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

