32.1 C
Kolkata
Friday, July 3, 2026

बिहार में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित होंगी, एक लाख करोड़ के एमओयू पर हस्ताक्षर

पटना। बिहार में आधुनिक शहरी विकास को गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) के बीच 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए एक लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण संबंधी समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में एमओयू का आदान-प्रदान किया।

तीन लाख एकड़ में विकसित होंगी नई टाउनशिप

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रस्तावित 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप लगभग तीन लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित की जाएंगी। परियोजनाओं में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लैंड पुलिंग मॉडल अपनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण अथवा मुआवजे से जुड़े मामलों में पात्र किसानों को आवेदन के 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के लिए हुडको के माध्यम से एक लाख करोड़ रुपये का निवेश सुनिश्चित किया गया है। इसके अलावा निजी और अन्य बाहरी स्रोतों से लगभग छह लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।

रोजगार और आधुनिक सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। निर्माण क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे।

प्रस्तावित टाउनशिप में आधुनिक सड़क नेटवर्क, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, हरित क्षेत्र, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थान, वाणिज्यिक केंद्र तथा अन्य आधुनिक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार में शहरीकरण की दर को 35 प्रतिशत तक पहुंचाना है और यह परियोजना उस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास विभाग, हुडको और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख