32.5 C
Kolkata
Thursday, July 16, 2026

बिहार स्कूल लाइव क्लासेज शुरू, विद्यार्थियों को मिलेगी निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर में ‘बिहार स्कूल लाइव क्लासेज’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही राज्य में डिजिटल और तकनीक आधारित शिक्षा के नए दौर की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से संचालित ऑनलाइन कोचिंग के तहत पटना के 10 मॉडल विद्यालयों में इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी कार्यक्रम का भी उद्घाटन किया।

डिजिटल शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का समान अवसर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कोचिंग और लाइव कक्षाओं के माध्यम से अब विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट कक्षाओं, लाइव शिक्षण, डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षा आधारित पढ़ाई के जरिए विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार किया जाएगा। यह पहल बिहार को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय तथा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम बनाएगी।

सात संस्थानों के साथ हुआ समझौता

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने सात स्वयंसेवी संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

इन संस्थानों के सहयोग से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, बुनियादी साक्षरता, गणित, विज्ञान, संगणकीय चिंतन, कोडिंग, डिज़ाइन चिंतन, परियोजना आधारित शिक्षण, शिक्षक क्षमता विकास और डेटा आधारित शैक्षणिक प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सुधार किए जाएंगे। इन सभी सुविधाओं का लाभ विद्यार्थियों को निशुल्क मिलेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख