32 C
Kolkata
Friday, April 10, 2026

बंगाल चुनाव: ओवैसी ने हुमायूं कबीर से तोड़ा नाता, अब अकेले चुनाव लड़ेगी AIMIM

हैदराबाद/कोलकाता | पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले ओवैसी की पार्टी AIMIM ने बड़ा राजनीतिक दांव चला है। असदुद्दीन ओवैसी ने हुमायूं कबीर की ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ (AJUP) के साथ अपना गठबंधन खत्म करने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। अब एआईएमआईएम बंगाल की चुनावी जंग में अकेले ही किस्मत आजमाएगी।

गठबंधन टूटने की असल वजह
यह विवाद हुमायूं कबीर के एक कथित वीडियो के सामने आने के बाद शुरू हुआ। एआईएमआईएम का आरोप है कि कबीर की बातों से मुस्लिम समुदाय की ईमानदारी और उनकी गरिमा पर सवाल खड़े हुए हैं। पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा “AIMIM ऐसे किसी भी बयान या व्यक्ति के साथ नहीं जुड़ सकती जो मुसलमानों की ईमानदारी पर शक पैदा करे। हुमायूं कबीर के खुलासों ने बंगाल के मुसलमानों की कमजोरी को उजागर किया है।”

“सेक्युलर दलों ने सिर्फ शोषण किया”
गठबंधन खत्म करने के साथ ही ओवैसी की पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) और पिछली सरकारों पर भी तीखा हमला बोला। पार्टी के अनुसार दशकों तक ‘सेक्युलर’ राजनीति का दावा करने वाली पार्टियों के राज के बावजूद बंगाल के मुसलमान आज भी सबसे गरीब और उपेक्षित हैं। ओवैसी की नीति हाशिए पर खड़े समुदायों को एक स्वतंत्र और मजबूत राजनीतिक आवाज देना है, न कि किसी के इशारे पर काम करना।

कौन हैं हुमायूं कबीर?
मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद बनाने के विवादित प्रस्ताव के बाद हुमायूं कबीर को TMC से निष्कासित कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने अपनी नई पार्टी बनाई थी।

पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा, जबकि चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख