कोर्सिएर-सुर-वेवे। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) ने सोमवार को लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 (एलए) के लिए कुश्ती की क्वालिफिकेशन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए नई प्रणाली और विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए कोटा वितरण की घोषणा की। एलए 2028 से प्रत्येक भार वर्ग में कुल 16 पहलवान ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करेंगे। ये स्थान चार अलग-अलग माध्यमों से भरे जाएंगे—विश्व चैंपियनशिप, महाद्वीपीय क्वालिफायर, वर्ल्ड ओलंपिक क्वालिफायर और यूडब्ल्यूडब्ल्यू रैंकिंग।
विश्व चैंपियनशिप से होगी शुरुआत
क्वालिफिकेशन का पहला चरण अगले वर्ष होने वाली विश्व चैंपियनशिप से शुरू होगा, जिसमें कुल 72 ओलंपिक कोटा दिए जाएंगे। 18 ओलंपिक भार वर्गों में स्वर्ण, रजत और दो कांस्य पदक विजेता अपने-अपने राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों (एनओसी) के लिए एलए 2028 का टिकट पक्का करेंगे।
यूडब्ल्यूडब्ल्यू रैंकिंग से भी मिलेगा कोटा
पहले चरण में क्वालिफाई नहीं कर पाने वाले पहलवानों में से यूडब्ल्यूडब्ल्यू रैंकिंग में शीर्ष तीन स्थान पर रहने वाले देशों को एक-एक कोटा दिया जाएगा। यूडब्ल्यूडब्ल्यू रैंकिंग में एलए 2028 से पहले आयोजित सात प्रमुख प्रतियोगिताओं के परिणाम शामिल होंगे, जिनमें 2027 सीनियर महाद्वीपीय चैंपियनशिप, 2027 रैंकिंग सीरीज़ (तीन इवेंट), 2027 सीनियर विश्व चैंपियनशिप, 2028 रैंकिंग सीरीज़ (एक इवेंट) और 2028 सीनियर महाद्वीपीय चैंपियनशिप शामिल हैं। महाद्वीपीय परिणामों में से केवल दो सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को ही गिना जाएगा।
महाद्वीपीय क्वालिफायर में 144 कोटे
तीसरे चरण में यूरोप, एशिया, पैन-अमेरिका और अफ्रीका एवं ओशिनिया के महाद्वीपीय क्वालिफायर आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रत्येक भार वर्ग में दो-दो कोटे दिए जाएंगे। इस चरण के माध्यम से कुल 144 पहलवान ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करेंगे।
अंतिम मौका: वर्ल्ड ओलंपिक क्वालिफायर
चौथा और अंतिम चरण वर्ल्ड ओलंपिक क्वालिफायर होगा, जिसमें 18 कोटे स्वर्ण पदक विजेताओं को मिलेंगे। इसमें केवल वही देश भाग ले सकेंगे, जिन्होंने पहले तीन चरणों में कोई कोटा हासिल नहीं किया हो। प्रत्येक भाग लेने वाला देश सभी शैलियों को मिलाकर अधिकतम दो पहलवान ही भेज सकेगा।
सीडिंग नियमों में भी बदलाव
यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने ओलंपिक चक्र के लिए सीडिंग प्रणाली में भी बदलाव किया है। चार-सीड प्रतियोगिताओं में महाद्वीपीय चैंपियनशिप, महाद्वीपीय क्वालिफायर और वर्ल्ड क्वालिफायर शामिल होंगे, जबकि रैंकिंग सीरीज़, विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक खेल आठ-सीड प्रतियोगिताएं होंगी। ओलंपिक खेलों के लिए एक अहम बदलाव यह किया गया है कि यदि किसी देश ने जिस पहलवान से सीड हासिल की है, उसकी जगह किसी अन्य पहलवान को भेजता है, तब भी सीड देश के पास ही रहेगी। अन्य सभी प्रतियोगिताओं में सीड पहलवान से जुड़ी होगी और खिलाड़ी बदलने पर देश सीड खो देगा। एलए 2028 ओलंपिक के लिए सीडिंग 2027 की तीन रैंकिंग सीरीज़ प्रतियोगिताओं, 2027 महाद्वीपीय चैंपियनशिप (या महाद्वीपीय खेल), 2027 विश्व चैंपियनशिप, 2028 की एक रैंकिंग सीरीज़ और 2028 महाद्वीपीय चैंपियनशिप के प्रदर्शन के आधार पर तय की जाएगी।


