31 C
Kolkata
Wednesday, March 18, 2026

टिम साउदी के साथ काम कर अपने खेल को और बेहतर करूंगा : वैभव अरोड़ा

कोलकाता । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा अपने खेल को और बेहतर बनाने पर फोकस कर रहे हैं। अंबाला के इस 28 वर्षीय गेंदबाज ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 32 मैचों में 36 विकेट हासिल किए हैं और 2024 में टीम को खिताब दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।

अरोड़ा ने बताया कि टीम का तैयारी शिविर काफी सकारात्मक रहा है और खिलाड़ी अभ्यास मैचों के साथ-साथ नेट्स में अपनी विविधताओं पर काम कर रहे हैं। उन्होंने एक आधिकारिक बयान में कहा, “तैयारी अच्छी चल रही है। एक तेज गेंदबाज के तौर पर हमेशा यही कोशिश रहती है कि अपने कौशल को निखारें और मैच में उसे सही तरीके से लागू करें।”

अरोड़ा ने कहा, “टिम साउदी एक दिग्गज खिलाड़ी हैं। 2023 में हम साथ खेल चुके हैं और मैंने उनसे काफी कुछ सीखा था। अब कोच के रूप में उनके साथ ज्यादा समय मिलेगा, जिससे मैं अपने खेल को और बेहतर बना सकूंगा।” अपनी गेंदबाजी पर बात करते हुए अरोड़ा ने कहा कि ईडन गार्डन्स में नई गेंद ज्यादा देर तक स्विंग नहीं करती, इसलिए गेंदबाजों के लिए विविधता बहुत जरूरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि वह यॉर्कर, स्लोअर बॉल और हार्ड लेंथ जैसी गेंदों पर खास ध्यान दे रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, “टी-20 क्रिकेट में सही गति और नियंत्रण बेहद जरूरी है। बल्लेबाजों के खिलाफ सही गेंद का चुनाव और मैदान के आयामों का इस्तेमाल करना अहम होता है।” आगामी सीजन को लेकर अरोड़ा ने कहा कि टीम का पूरा ध्यान अगले प्रशिक्षण शिविर और मैचों के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह तैयार रहने पर है।

इस सीजन में टीम के गेंदबाजी कोच बने पूर्व न्यूज़ीलैंड कप्तान टिम साउदी के साथ काम करने को लेकर अरोड़ा काफी उत्साहित हैं। साउदी के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 700 से अधिक विकेट दर्ज हैं और वह 2021 से 2023 तक केकेआर का हिस्सा भी रह चुके हैं।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles