झारखंड में चार सीटों के लिए मतदान कल, 93 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे 82 लाख वोटर

बिरसा भूमि लाइव

  • रांची में 21.88 लाख मतदाता चुनेंगे अपना सांसद
  • जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में कुल 18,69,278 मतदाता
  • धनबाद लोकसभा सीट पर कुल 25 प्रत्याशी हैं चुनावी मैदान में
  • गिरिडीह लोकसभा सीट पर 16 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला 

रांची : राज्य की चार लोकसभा सीटों गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर के लिए 25 मई को मतदान होगा। चारों सीटों पर कुल 93 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। चुनाव आयोग ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली है। इन सीटों पर कुल 82,16,506 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगें। इनमें 42,06,926 पुरुष और 40,09,290 महिला मतदाता हैं। कुल बूथों की संख्या 8963 है। इनमें 1319 बूथ शहरी क्षेत्र में और 3685 बूथ ग्रामीण इलाके में हैं। इनमें 02 लाख 44 हजार फर्स्ट टाइम वोटर हैं।

रांची संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 21,97,331 मतदाता हैं। इनमें 11,12,524 पुरुष और 10,84,738 महिला मतदाता हैं। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2377 बूथ हैं। इनमें 949 शहरी क्षेत्र में और 1428 ग्रामीण इलाके में हैं। इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। भाजपा ने यहां मौजूदा सांसद संजय सेठ पर विश्वास जताया है, तो कांग्रेस ने युवा चेहरे यशस्विनी सहाय को उम्मीदवार बनाया है।

जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में कुल 18,69,278 मतदाता हैं। इनमें 9,37,412 पुरुष और 9,31,733 महिला मतदाता हैं। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1887 बूथ हैं। इनमें 688 शहरी क्षेत्र में और 1199 ग्रामीण इलाके में हैं। जमशेदपुर लोकसभा सीट पर कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां भाजपा के मौजूदा सांसद विद्युत वरण महतो और इंडी एलायंस से झामुमो के समीर मोहंती चुनाव लड़ रहे हैं। जमशेदपुर सीट पर 2014 से भाजपा के विद्युत वरण महतो जीत रहे हैं।

धनबाद लोकसभा सीट झारखंड में छठे चरण में सबसे अधिक मतदाताओं वाला क्षेत्र है। यहां कुल 22,85,237 मतदाता हैं। इनमें 11,96,501 पुरुष और 10,88,656 महिला मतदाता हैं। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2539 बूथ हैं। इनमें 1316 शहरी क्षेत्र में और 1223 ग्रामीण इलाके में हैं। धनबाद लोकसभा सीट पर कुल 25 प्रत्याशी हैं। वर्ष 2009 से लगातार इस सीट पर भाजपा का कब्जा है। भाजपा ने तीन बार के सांसद पीएन सिंह का टिकट काटकर बाघमारा विधायक ढुलू महतो को मैदान में उतारा है। इनका मुकाबला इंडी गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह से है। अनुपमा सिंह एक राजनीतिक परिवार से आतीं हैं। वह पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह की बहू और बेरमो विधायक जयमंगल सिंह की पत्नी हैं। कांग्रेस के ददई दुबे ने आखिरी बार वर्ष 2004 में इस सीट पर जीत दर्ज की थी।

गिरिडीह लोकसभा सीट पर 16 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला 8,64,660 मतदाता करेंगे। इनमें 9,60,489 पुरुष और 9,04,163 महिला मतदाता हैं। गिरिडीह संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2160 बूथ हैं। इनमें 408 शहरी क्षेत्र में और 1762 ग्रामीण इलाके में हैं। गिरिडीह लोकसभा सीट पर एनडीए और इंडी के बीच टक्कर देखने को मिल रही है। एनडीए गठबंधन के आजसू प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी मैदान में हैं और उनके सामने इंडी के झामुमो प्रत्याशी मथुरा महतो हैं। यह सीट 2014 से एनडीए के कब्जे में है। झामुमो के टेकलाल महतो ने आखिरी बार 2009 में इस सीट पर जीत दर्ज की थी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि छठे चरण के मतदान की तैयारी पूरी हो चुकी है। सभी बूथ व्यवस्थित किये जा चुके हैं।

Related Articles

Stay Connected

1,005FansLike
200FollowersFollow
500FollowersFollow

Latest Articles