पलामू। राज्य सरकार की नीतियों के अनुसार वीकेएस एग्रीफार्म प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड जिले के हुसैनाबाद प्रखंड के ग्राम नादियाई में धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन बुधवार को किया गया। उद्घाटन समारोह में स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव, जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, हुसैनाबाद के प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील वर्मा सहित कंपनी के निदेशक प्रियरंजन सिंह, लोटनिया पंचायत के मुखिया विनोद सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
केंद्र पर किसानों से 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद की जाएगी। उद्घाटन के पहले ही दिन किसान रविंद्र मेहता (कुसुवा) से 112 क्विंटल धान की खरीद कर इसकी शुरुआत की गई। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने किसानों से अपील किया कि वे बिचौलियों से बचते हुए सरकारी क्रय केंद्रों पर ही धान बेचें, ताकि उन्हें तय समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके।
स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने किसानों को धान बिक्री से पूर्व रजिस्ट्रेशन कराने की सलाह दी और कहा कि इससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी और त्वरित होगी। उन्होंने कहा कि ग्राम नादियाई में धान क्रय केंद्र खुलने से आसपास के किसानों को अब दूर नहीं जाना पड़ेगा और समय और पैसे की बचत होगी। वहीं कंपनी के निदेशक प्रियरंजन ने किसानों से साफ-सुथरा और अच्छी गुणवत्ता का धान ही केंद्र पर लाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी पात्र किसानों से नियमानुसार धान की खरीद की जाएगी और सरकारी दर का पूरा लाभ दिया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में संतोष सिंह, बृजमोहन सिंह, सुदर्शन सिंह, इबरत खान, नागेंद्र सिंह, हंसराज सिंह, अनिल पाठक, रविंद्र मेहता और क्रय पदाधिकारी अखिलेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।


