बिरसा भूमि लाइव
रांची: गोवर्धन मठ, पुरी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती गुरुवार (16 मार्च) को रांची आएंगे। इसी दिन हरमू मैदान में वे विराट धर्मसभा में शामिल होंगे। आदित्य वाहिनी, झारखंड की ओर से आयोजित इस धर्म सभा में राज्य के अलग अलग कोनों से हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। आयोजन को लेकर तैयारियों को अंतिम रुप दिया गया।
इस संबंध में हरमू मैदान में बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व आइपीएस राजीव रंजन सिंह और कार्यक्रम के संरक्षक डॉ.एचपी नारायण ने बताया कि झारखंड में चौथी बार स्वामी निश्चलानंद सरस्वती का आगमन हो रहा है। 16 मार्च की सुबह उनका आगमन होगा। इसके बाद वे सेल सिटी जाएंगे। शाम को 4 बजे से हरमू मैदान में उनके सान्निध्य और अगुवाई में विराट धर्मसभा का आयोजन होगा। इस दौरान 20 हजार से भी अधिक सनातनी और अन्य लोग लाभान्वित होंगे। 17 मार्च को सेल सिटी, रांची में दिन में संगोष्ठी और दीक्षा कार्यक्रम होगा। शाम 4 बजे से वहीं धर्मसभा होगी।
18 मार्च को वे सरला बिरला यूनिवर्सिटी, नामकुम परिसर में धर्मसभा में शामिल होंगे। 19 मार्च की भी सुबह सरला बिरला में ही दीक्षा कार्यक्रम से कईयों को लाभान्वित करेंगे। इसी दिन शाम को हटिया रेलवे स्टेशन से वे वापस लौट जाएंगे। राजीव रंजन सिंह और डॉ.एचपी नारायण ने अधिक से अधिक संख्या में विराट धर्मसभा और अन्य कार्यक्रमों में शामिल होकर शंकराचार्य के सत्संग का लाभ उठाने की अपील की है।