पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोडाम प्रखंड अंतर्गत बेलडीह पंचायत के ग्रामीणों में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की अनियमितताओं को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जमशेदपुर स्थित जिला आपूर्ति विभाग कार्यालय पहुंचे और राशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराते हुए जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि बेलडीह पंचायत के जन वितरण प्रणाली दुकानदार रामपदों महतो की ओर से पिछले तीन महीनों से पात्र लाभुकों को चावल और गेहूं का वितरण नहीं किया गया है। राशन कार्डधारकों का कहना है कि वे नियमित रूप से दुकान पर जाते रहे, लेकिन हर बार किसी न किसी बहाने से उन्हें लौटा दिया गया। इससे गरीब और मजदूर परिवारों के सामने खाद्यान्न संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि कई परिवार पूरी तरह सरकारी राशन पर निर्भर हैं। समय पर अनाज नहीं मिलने से उन्हें बाजार से महंगे दाम पर खाद्यान्न खरीदना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित दुकानदार अक्सर नशे की हालत में रहता है और लाभुकों से दुर्व्यवहार करता है।
ग्रामीणों ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी से मिलकर लिखित शिकायत सौंपी और मामले की जांच कर दोषी दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने बकाया तीन महीनों का राशन अविलंब वितरण कराने की भी मांग की है। जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित डीलर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे प्रखंड स्तर पर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


