27.8 C
Kolkata
Monday, July 6, 2026

रांची में सर्वजन पेंशन योजना के तहत 1.59 लाख लाभुकों को मिली चार माह की पेंशन, 63.74 करोड़ रुपये डीबीटी से जारी

रांची। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले में अप्रैल से जुलाई 2026 तक की चार माह की पेंशन राशि का भुगतान शुरू कर दिया गया है। प्रथम चरण में 1 लाख 59 हजार 358 लाभुकों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 63 करोड़ 74 लाख 32 हजार रुपये भेजे गए हैं। प्रत्येक लाभुक के खाते में चार महीने की पेंशन के रूप में 4-4 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर यह भुगतान किया गया। जिले के अधिकांश प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों के लाभुकों को राशि मिल चुकी है, जबकि अनगड़ा, चान्हो, तमाड़ एवं शहर अंचल के लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है।

इन क्षेत्रों के लाभुकों को मिला भुगतान

प्रथम चरण में अरगोड़ा शहरी, बरगाई शहरी, बेड़ो, बुंडू, बुंडू नगर पंचायत, बुढ़मू, हेहल शहरी, इटकी, कांके, कांके शहरी, खलारी, लापुंग, मांडर, नगड़ी, नगड़ी शहरी, नामकुम, नामकुम शहरी, ओरमांझी, राहे, रातू, सिल्ली और सोनाहातू के लाभुकों के खातों में पेंशन राशि भेजी गई है।

आधार सीडिंग और भौतिक सत्यापन जरूरी

जिला प्रशासन ने कहा है कि जिन लाभुकों के बैंक खाते में अभी तक पेंशन राशि नहीं पहुंची है, वे अपने बैंक खाते से आधार सीडिंग अवश्य कराएं। इसके साथ ही सभी लाभुक अपने संबंधित प्रखंड या अंचल कार्यालय में भौतिक सत्यापन भी कराएं, ताकि भविष्य में पेंशन का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे।

प्रशासन का कहना है कि आधार सीडिंग और भौतिक सत्यापन पूरा होने के बाद शेष पात्र लाभुकों के खातों में भी पेंशन राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख