अररिया । जिले मे चोरों ने टाटा मोटर्स के कोशी कार्स शोरूम से दो नई कार की चोरी कर ली। चोरों ने मंगलवार रात शोरूम का शटर तोड़कर उसमें रखे दो नई कार के साथ एक अन्य कार को शोरूम से बाहर निकाला और दो नई कार चोरी कर लेकर चले गए। एक कार को शोरूम के बाहर एनएच सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया। चोर अपने साथ शोरूम में लगे इनवर्टर और सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर भी ले गये ।
चोरी की घटना की जानकारी बुधवार सुबह मिली,जिसके बाद मौके पर शोरूम के कर्मचारी, मालिक और सेल्स महाप्रबंधक पहुंचे और नगर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। शोरूम पहुंचे टाटा कार कंपनी के जीएम सेल्स ने बताया कि चोरों ने दो नई कार और एक पुरानी कार को शोरूम से बाहर निकाला और दो नई कार को अपने साथ लेकर चले गए। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरा के डीवीआर को खोल और इनवर्टर आदि को अपने साथ लेकर चले गए हैं। मामले पर पुलिस फिलहाल कुछ कहने से बच रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।


