दुमका | जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। घटना मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के पास दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग (एनएच 114ए) पर हुई, जहां स्टोन चिप्स से लदे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि दोनों युवक वाहन के नीचे आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान हारून शेख (30) और बाबुर अली शेख (45) के रूप में हुई है। ये दोनों पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट थाना क्षेत्र के बेलडंगा गांव के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक देवघर में ईद मनाने के बाद अपने घर लौट रहे थे, जब यह हादसा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश फैल गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस इलाके में सड़क दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने कुछ समय तक सड़क जाम भी रखा।
इस मामले की सूचना मिलने पर शिकारीपाड़ा के अंचल अधिकारी कपिलदेव ठाकुर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम हटवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


