लोहरदगा | जिले के भंडरा-चट्टी मुख्य पथ पर स्थित कचमची गांव के पास गुरुवार देर शाम हुई एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मंगरा उरांव के पुत्र शोषण उरांव (18) और पुनई उरांव के पुत्र चंपा उरांव (22) के रूप में हुई है। दोनों युवक रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के मुड़कट्टी गांव के निवासी थे। दोनों युवक प्रखंड स्तरीय सरहुल महोत्सव से लौट रहे थे शोषण और चंपा उरांव भंडरा प्रखंड में आयोजित सरहुल महोत्सव में हिस्सा लेने के बाद अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान, विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही एक बोलेरो गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवक मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को सीएचसी भंडरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हालात को ध्यान में रखते हुए तत्काल दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुखद घटना के बाद मुड़कट्टी और आसपास के गांवों में शोक की लहर छा गई है। मृतकों के परिवार और ग्रामीण खबर सुनते ही घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम हेतु शुक्रवार को भेजने की व्यवस्था कर दी है।


