नवादा।नवादा रोह थाना क्षेत्र के कोशीरुखी पंचायत अंतर्गत मेडिकल प्रैक्टिशनर अशोक मिस्त्री की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान बुधवार को एक अहम और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद मृतक के बैंक खाते से करीब 90 हजार रुपये की निकासी की गई थी। इस वित्तीय लेन-देन की कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जो साइबर अपराध से जुड़े बताए जा रहे हैं।हालांकि, हत्या को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारदीगंज थाना क्षेत्र के कुझ्झा गांव निवासी प्रद्युम्न कुमार , नालन्दा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र के मायापुर गांव निवासी रोहित कुमार और नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र के लालबीघा गांव निवासी शिवम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि तीनों युवक पहले भी साइबर अपराध की गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। हालांकि, अब तक हत्या में उनकी प्रत्यक्ष भूमिका की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस इस बिंदु पर गहन जांच कर रही है कि बैंक खाते से निकासी सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी या फिर हत्या के बाद मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया। थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्यारे तक जल्द पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


