पलामू । झारखंड के पलामू जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पांकी थाना क्षेत्र के ठेकही अंदाग गांव में मामूली विवाद के बाद एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की टांगी (कुल्हाड़ी) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
सगाई के जश्न में घुला ‘खून’
जानकारी के अनुसार, मृतक पिंटू भुईयां के सबसे बड़े भाई के बेटे की सगाई का कार्यक्रम था। इस खुशी के मौके पर परिवार के चारों भाई एक साथ जमा हुए थे। जश्न के दौरान भाइयों ने शराब का सेवन किया। इसी बीच शराब के नशे में पिंटू भुईयां का अपने छोटे भाई सीटू भुईयां से किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर सीटू ने टांगी उठाई और पिंटू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
अस्पताल में मौत, शव लेकर भागे परिजन
लहूलुहान हालत में परिजनों ने पिंटू को तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हैरानी की बात यह रही कि कानूनी कार्रवाई के डर से परिजन अस्पताल से शव लेकर भाग निकले और गांव पहुँचकर गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। सूचना मिलते ही पांकी पुलिस मौके पर पहुँची और जलती चिता से पहले ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया “शराब के नशे में दो भाइयों के बीच हुआ विवाद हत्या की वजह बना है। आरोपी छोटा भाई फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। दोनों भाई बाहर ईंट भट्ठों में काम करते थे और सगाई के लिए गांव आए थे।”
इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर जहाँ घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहीं अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है।

