तोरपा (खूंटी) | भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस सोमवार को तोरपा नगर भवन में बेहद उत्साह के साथ मनाया गया। तोरपा और तपकरा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पार्टी की गौरवशाली यात्रा को याद किया। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया।
संघर्ष और समर्पण की गाथा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोचे मुंडा ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में जिस पार्टी की नींव रखी गई थी, उसने अपने वैचारिक संघर्ष के बल पर आज देश की राजनीति का स्वरूप बदल दिया है। उन्होंने कहा “कभी मात्र दो सांसदों से शुरू हुआ हमारा सफर आज इस मुकाम पर है कि देश के 21 राज्यों में भाजपा और गठबंधन की सरकारें हैं। यह उपलब्धि हमारे कार्यकर्ताओं के अनुशासन और अथक परिश्रम का परिणाम है।”
राष्ट्रहित सर्वोपरि: वरिष्ठ नेताओं का संबोधन
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों पर माल्यार्पण और ध्वजारोहण के साथ हुई। वरिष्ठ नेता संतोष जायसवाल ने कहा कि भाजपा के लिए हमेशा राष्ट्रहित और समाज सेवा राजनीति से ऊपर रही है। वहीं, कृपा सिंधु बेहरा ने कार्यकर्ताओं से देश हित को सर्वोपरि रखकर संगठन को और धार देने का आह्वान किया।
समारोह की अध्यक्षता तोरपा मंडल अध्यक्ष सुबोध गुप्ता ने की। इस दौरान भगीरथ राय, गन्दौरी गुड़िया, शशांक राय, पुरेंद्र मांझी सहित भोला गुप्ता, जगदीश मांझी, कृष्णा भगत, नीरज पाढ़ी और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने संकल्प लिया कि वे सरकार की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।

