बिरसा भूमि लाइव
रांची: रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की हार के लेकर अनुशासनहीनता के आरोपी नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव ने आलाकमान से राजेश ठाकुर को हटाकर किसी आदिवासी नेता को नेतृत्व सौंपने की बात कही। उन्होंने कहा कि रामगढ़ का उपचुनाव संघर्ष, बलिदान, ममत्व, वेदना, भावनाओं का चुनाव था। यह चुनाव जानबूझकर, सोची समझी रणनीति के तहत हारा गया है।
राजेश ठाकुर एवं उनके अपरिपक्व साथियों ने पहले दिन से ही हार स्वीकार कर ली थी। चुनाव प्रक्रिया में एक सप्ताह देर से हम शामिल हुए तब तक एनडीए चुनाव में जीत को लेकर जनता के बीच संदेश पहुंचाने में कामयाब हो गए थे। कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे ने कहा हमें हेमन्त सोरेन को धन्यवाद देना चाहिए, जिनके चार दिनों के अथक प्रयासों की वजह से हम सम्मानजनक स्थिति में रहे वरना हमारी जमानत जब्त होने से कोई नहीं रोक सकता था। श्री दूबे ने कहा कि राजेश ठाकुर के प्रदेश अध्यक्ष रहते, राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का सपना पूरा करने में झारखंड कांग्रेस कोई सहयोग नहीं कर सकता।
आलोक दुबे ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में है, इसके बावजूद पूर्व शिक्षामंत्री गीताश्री उरांव, सन्नी टोप्पो जैसे कई नेताओं ने दल छोड़ दिया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर पर उपचुनाव को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश अध्यक्ष को जनता के बीच रहना था, तब वह 3 बजे हेलीकॉप्टर से रामगढ़ जाते और 5 बजे लौट आते थे। रांची के होटल में रात में डांस करते थे। उन्होंने कहा कि मांडर में भी कांग्रेस की जीत पार्टी की नहीं बल्कि बंधु तिर्की के प्रभाव की जीत है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ में ममता देवी का ममत्व और उनका संघर्ष इस प्रदेश अध्यक्ष की वजह से हार गया, इसका दुख उन्हें हैं।
होली के बाद एक शिष्टमंडल दिल्ली जायेगा: लाल किशोरनाथ शाहदेव : कांग्रेस नेता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि वे होली के बाद एक शिष्टमंडल के साथ दिल्ली जाएंगे और मांग करेंगे कि तत्काल इस प्रदेश अध्यक्ष को हटाकर एक आदिवासी नेता को कमान सौंपी जाए। ताकि 2019 की तरह 2024 में पार्टी बेहतरीन प्रदर्शन कर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के सपने को पूरा करने में अपना सहयोग दे सके।