21.2 C
Kolkata
Wednesday, March 4, 2026

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने पार्क स्ट्रीट इलेक्ट्रिक रिसीविंग सब-स्टेशन का किया उद्घाटन

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री गुप्ता ने आज पार्क स्ट्रीट इलेक्ट्रिक रिसीविंग सब-स्टेशन (आरएसएस) का उद्घाटन किया। यह इलेक्ट्रिक रिसीविंग सब-स्टेशन प्रमुख मेट्रो कॉरिडोर्स में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन राजधानी में निरंतर विश्वस्तरीय पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को मजबूत कर रहा है। उन्होंने कैंपस में पौधरोपण करते हुए यह संकल्प भी दोहराया कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलें। इस अवसर पर दिल्ली मेट्रो के अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि पार्क स्ट्रीट आरएसएस का निर्माण मूल रूप से 2010 में दिल्ली मेट्रो के दूसरे चरण के दौरान डीएमआरसी एयरपोर्ट लाइन और लाइन-6 (वायलेट लाइन) को बिजली आपूर्ति करने के लिए किया गया था। 2021-22 के दौरान, सेंट्रल विस्टा परियोजना के निर्माण को सुगम बनाने के लिए इसको आरएसएस पर स्थानांतरित कर दिया गया। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) द्वारा उपलब्ध कराई गई वैकल्पिक भूमि पर एक नए आरएसएस का पुनर्निर्माण 2023 में शुरू हुआ, जो दिसंबर 2025 में पूरा हुआ, जिसमें इंद्रप्रस्थ से आरके आश्रम मार्ग तक सेंट्रल-विस्टा मेट्रो लाइन की बिजली आवश्यकता का उचित ध्यान रखा गया।

सभी प्रमुख मौजूदा विद्युत उपकरणों को पुनः स्थापित करके चालू कर दिया गया है, जिनमें 66 केवी पावर ट्रांसफार्मर, 66 केवी जीआईएस पैनल, 33 केवी पैनल और 25 केवी जीआईएस पैनल शामिल हैं। नया संयुक्त आरएसएस एयरपोर्ट लाइन और लाइन-6 की मेट्रो ट्रेनों और स्टेशनों को बिजली की आपूर्ति करेगा। इसके अलावा, आगामी सेंट्रल विस्टा मेट्रो लाइन (इंद्रप्रस्थ से आरके आश्रम मार्ग तक) के चरण-5ए विस्तार परियोजना के अंतर्गत कर्षण विद्युत आवश्यकताओं के लिए अतिरिक्त 25 केवी फीडर प्रदान किए गए हैं।

नई आरएसएस सुविधा का निर्माण नवीनतम मानकों के अनुसार किया गया है, जिसमें उन्नत सबस्टेशन ऑटोमेशन सिस्टम, ऊर्जा-कुशल वीआरएफ (वेरिएबल रेफ्रिजरेंट फ्लो) एयर कंडीशनिंग और एलईडी लाइटिंग शामिल हैं। उन्नत सुरक्षा उपायों में ट्रांसफार्मर की सुरक्षा के लिए स्वचालित अग्नि सुरक्षा प्रणाली और विद्युत पैनल शामिल हैं, जिनमें परिचालन विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से एड्रेसेबल फायर अलार्म सिस्टम भी है।

नया आरएसएस ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप डिजाइन किया गया है और इसके प्रमाणन के लिए आवेदन किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, परिचालन की स्थिरता को और बढ़ाने तथा कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए सोलर रूफटॉप पावर सिस्टम लगाने की योजना है। केंद्र सरकार की सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत पार्क स्ट्रीट आरएसएस का पूरा होना, आधुनिक, सुरक्षित और टिकाऊ बुनियादी ढांचे के प्रति डीएमआरसी की प्रतिबद्धता में एक और कदम है, जो दिल्ली मेट्रो के विस्तारित नेटवर्क के लिए विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करता है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles