20.3 C
Kolkata
Wednesday, March 4, 2026

बोकारो में बीएस सिटी कॉलेज के पास झाड़ियों में मिला अज्ञात महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी

बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सेक्टर छह थाना क्षेत्र अंतर्गत बीएस सिटी कॉलेज के समीप झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना से इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सेक्टर छह थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सेक्टर छह थाना प्रभारी संगीता कुमारी और बीएस सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया है, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से महिला के कपड़े बरामद किए गए हैं, जिन्हें जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने साक्ष्य जुटाए हैं, वहीं डॉग स्क्वायड की मदद से आसपास के इलाकों की छानबीन की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles