पलामू/छतरपुर | पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे 98 (फोरलेन) पर सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। मसीहानी के बिरसा मुंडा चौक के समीप एक अनियंत्रित टेलर ने नौडीहा बाजार के अंचलाधिकारी (CO) की सरकारी गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में नौडीहा बाजार के सीओ संजय कुमार सिंह, पिपरा के सीओ जितेंद्र कुमार सिंह और चालक रवींद्र कुमार ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बैठक में शामिल होने मेदिनीनगर जा रहे थे अधिकारी
जानकारी के अनुसार, दोनों अंचलाधिकारी एक सरकारी वाहन से मेदिनीनगर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर लगभग 12:30 बजे मसीहानी के पास यह दुर्घटना घटी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुँचा है।
मोबाइल पर बात कर रहा था टेलर चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सीओ की गाड़ी सायरन बजाते हुए दाहिनी लेन से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे टेलर का चालक मोबाइल फोन पर बात करने में व्यस्त था और उसने संतुलन खोते हुए सरकारी वाहन को सामने से टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर पहुँचाया गया, जहाँ से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए MMCH मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।
चोटों का विवरण: संजय कुमार सिंह (CO, नौडीहा): सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। जितेन्द्र कुमार सिंह (CO, पिपरा): बाएं हाथ में फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटें। रवींद्र कुमार ठाकुर (चालक): शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अवध कुमार यादव दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त सरकारी वाहन और आरोपी टेलर को जब्त कर लिया है। इधर, अस्पताल पहुँचकर नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने घायल अधिकारियों का हालचाल जाना और उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। फिलहाल दोनों अधिकारियों की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।

