29 C
Kolkata
Wednesday, May 13, 2026

नई एक्शन थ्रिलर में दिखेगा सनी देओल का नया अंदाज

अभिनेता सनी देओल जल्द ही एक नई एक्शन थ्रिलर फिल्म में बिल्कुल अलग अवतार में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म के जरिए वह पहली बार एक्सेल एंटरटेनमेंट के निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के साथ काम करेंगे। खास बात यह है कि फिल्म से निर्देशक-निर्माता ए.आर. मुरुगादॉस भी बतौर निर्माता जुड़े हैं, जिससे इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।

फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका निभाएंगे, जबकि अभिनेत्री ज्योतिका भी एक अहम किरदार में नजर आएंगी। सूत्रों के अनुसार, सनी इस बार अपने पारंपरिक मास-एक्शन इमेज से हटकर एक नए किरदार में दिखाई देंगे। बताया जा रहा है कि यह एक सस्पेंस से भरपूर एक्शन थ्रिलर होगी, जिसमें दर्शकों को उनका अब तक का अलग रूप देखने को मिलेगा।

इस फिल्म का निर्देशन बालाजी गणेश करेंगे, जो लंबे समय तक ए.आर. मुरुगादॉस के साथ सह-निर्देशक के रूप में काम कर चुके हैं। यह उनकी बतौर निर्देशक पहली फिल्म होगी। फिल्म से जुड़े लोगों का मानना है कि बालाजी की कहानी कहने की शैली और बड़े पैमाने पर काम करने का अनुभव इस प्रोजेक्ट को खास बना सकता है।

फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है। निर्माताओं को उम्मीद है कि सनी देओल का नया अंदाज और मजबूत टीम का साथ दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देगा। ‘बॉर्डर 2’ के बाद सनी के इस नए प्रोजेक्ट ने पहले ही दर्शकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है।

Related Articles

नवीनतम लेख