36 C
Kolkata
Monday, April 13, 2026

संदिग्ध परिस्थिति में मिला छात्रा का शव, छानबीन में जुटी पुलिस

भागलपुर। जिले के जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत दीपनगर मोहल्ले में गुरुवार को बिहार पुलिस की तैयारी कर रही एक 22 वर्षीय छात्रा का शव उसके कमरे में संदिग्ध अवस्था में पाया गया है।

मृतक की पहचान लोदीपुर के तहबलपुर निवासी सुलेखा कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफ एस एल की टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों को खंगालने में जुट गई है।

घटनास्थल की स्थिति आत्महत्या के दावों पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो कई ऐसी चीजें मिलीं जो किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रही हैं।

सुलेखा का शव दुपट्टे के फंदे से लटका था, लेकिन उसका शरीर फर्श पर अधलेटा था। साथ ही कमरे का दरवाजा खुला हुआ मिला। कमरे के अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि मौत से पहले वहां कोई संघर्ष या जबरदस्ती हुई हो सकती है।

जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक मोबाइल मिला है जो पूरी तरह टूटा हुआ है और उसकी बैटरी अलग पड़ी है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उस मोबाइल से सिम गायब है। बताया जा रहा है कि सुलेखा पिछले तीन महीनों से इस मकान की चौथी मंजिल पर अकेले किराए के कमरे में रह रही थी। वह प्रतियोगी परीक्षाओं, खासकर बिहार पुलिस की तैयारी कर रही थी। सुलेखा के जीवन में दुखों का पहाड़ तब टूटा था जब पिछले साल दिसंबर में उसके पिता की बीमारी से मौत हो गई थी।

पिता के जाने के बाद वह मेहनत कर अपना भविष्य संवारने में जुटी थी, लेकिन इस बीच इस खौफनाक वारदात ने सबको झकझोर दिया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब एक अन्य किरायेदार मोटर चलाने के लिए चौथी मंजिल पर गई। दरवाजा खुला देख जब उसने अंदर झांका, तो सुलेखा को फंदे से लटका पाया। शोर मचाने पर स्थानीय लोग जमा हुए और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मृतका के बैग से एक अन्य बंद मोबाइल, दो आधार कार्ड की फोटोकॉपी और एक डायरी बरामद की है। जोगसर पुलिस ने बताया कि मामला काफी संदिग्ध है। पुलिस इसे हत्या और आत्महत्या, दोनों ही नजरिए से देख रही है। टूटे हुए मोबाइल और गायब सिम की गुत्थी सुलझाने के लिए तकनीकी सेल की मदद ली जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख