25.9 C
Kolkata
Monday, March 2, 2026

हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

पूर्वी सिंहभूम । गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नेताजी सुभाष टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन(एनटीटीएफ)के छात्रावास में रविवार देर रात एक छात्र के फंदे से लटकर खुदकुशी करने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान आदित्य सिंह के रूप में हुई है। वह मेकाट्रॉनिक्स शाखा का छात्र था और मूल रूप से बिहार के छपरा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की खबर मिलते ही संस्थान और छात्रावास परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जाता है कि आदित्य अपने कमरे में था। देर रात तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर साथियों को आशंका हुई। मामले की सूचना हॉस्टल प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया के बाद कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर छात्र का शव फंदे से लटका मिला।

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए कमरे को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, ताकि मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। छात्र के मोबाइल फोन और अन्य व्यक्तिगत वस्तुओं की जांच की जा रही है। सहपाठियों और हॉस्टल प्रबंधन से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की जा रही है कि कहीं वह मानसिक तनाव, शैक्षणिक दबाव या किसी अन्य व्यक्तिगत कारण से परेशान तो नहीं था।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और उनके जमशेदपुर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles